BEGUSARAI : बेगूसराय में ग्रेजुएशन (BA) की एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। छात्रा के साथ रेप की भी आशंका जताई जा रही है। छात्रा की शादी 13 दिन बाद 21 फरवरी को होने वाली थी। परिवार वालों ने हत्या का आरोप उसके प्रेमी पर लगाया है। परिवार का कहना है कि प्रेमी की दो माह पहले शादी हो चुकी है।
फरार है आरोपी युवक
छात्रा की हत्या का यह मामला जिले के डंडारी ब्लॉक के राजापुर गांव का है। सोमवार सुबह उसकी लाश अर्द्धनग्न हालत में गांव के ही खेत में मिली। इससे इलाके के लोग सन्न रह गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डंडारी थानेदार ने बताया कि प्रेम-प्रसंग में यह घटना हुई है। घरवाले गांव के ही युवक राहुल रंजन पर आरोप लगा रहे हैं। मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। युवक की तलाश में छापेमारी चल रही है।
रविवार शाम घर से निकली थी छात्रा
मृतका के चाचा का कहना है कि वह रविवार की शाम 7: 30 बजे के करीब दूध लाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर रात तक वापस नहीं लौटी तो हमलोग खोजबीन करने लगे। सुबह घर से 50 मीटर दूर मकई के खेत में अर्ध्दनग्न हालत में उसकी लाश मिली। उन्हें आशंका है कि रेप का विरोध करने पर गोली मार दी गई है। परिजनों के अनुसार लड़की की बातचीत बीते 2 साल से गांव के ही युवक राहुल रंजन से चल रही थी। वह राजद के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के डंडारी प्रखंड का अध्यक्ष है। उसकी शादी 2 महीने पहले ही हो चुकी थी। इसके बाद भी वह उनकी लड़की को परेशान करता था।
शादी का कार्ड भी बंट गया था
परिजनों के अनुसार छात्रा की मां का निधन उसके बचपन में ही हो चुका है। पिता दिल्ली में काम करते हैं और 2 दिन पहले ही घर लौटे थे। लड़की के 2 भाइयों में एक दिव्यांग है। लड़की की शादी 21 फरवरी को होने वाली थी। घर में तैयारी चल रही थी। तिलक समारोह हो चुका था। शादी का कार्ड भी बंट चुका था। लेकिन किसे पता था कि 13 दिन बाद जिसकी शादी होने वाली है, अब उस दिन तेरहवीं होगी।