KAIMUR : जिले के मोहनियां अनुमंडल मुख्यालय में स्थित बस स्टैंड के पास से पुलिस ने 20 वर्षों से फरार चल रहे नक्सली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नक्सली भगवानपुर थाना क्षेत्र के पतलोइयां गांव निवासी दहिन मल्लाह उर्फ हरिद्वार मल्लाह का पुत्र गुलाब मल्लाह है।
इस संबंध में एएसपी अभियान ने बताया कि कैमूर जिला बल के हवलदार ललन के फर्दबयान के आधार पर करीब 100-150 अज्ञात उग्रवादियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। वादी ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीडब्लूजी के उग्रवादियों के विरुद्ध गड़के पुलिस पिकेट गार्ड की बदली करने के लिए जा रहे हवलदार एवं सिपाहियों की डीसीएम पुलिस गाड़ी को बारूदी सुरंग विस्फोट कर उड़ाने, फायरिंग करते हुए एक हवलदार व दो सिपाहियों की हत्या व हवलदर व सिपाहियों को गंभीर रूप से जख्मी कर 13 थ्री नॉट थ्री पुलिस रायफल चार, बायनेट एवं गोली आदि लूट लेने का आरोप लगाया गया। इस मामले में गुलाब मल्लाह भी आरोपित था।
लेकिन वह करीब 20 वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी टोह में लगी थी। इसी क्रम में सूचना मिलने पर बस स्टैंड के पास से उसे दबोचा गया। उसपर कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ की जा रही है। उससे कई अन्य मामलों में भी जानकारी मिल सकती है।