2021/02/18

रेप के बाद लड़की की मर्डर....13 से लापता थी छात्रा...हत्या कर शव को फेंका...जाँच में जुटी पुलिस

BEGUSARAI : बेगूसराय में हैवानों ने एक 11 साल की नाबालिग से रेप कर उसका शव बूढ़ी गंडक नदी में फेंक दिया। वीरपुर के सिउरी पुल स्थित कोरिया घाट से शव बरामद हुआ है। 6ठी की छात्रा पांच दिन पहले अपने घर से बिस्किट लाने के लिए दुकान गई थी, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। 

परिजनों के काफी खोजने के बाद भी जब वह नहीं मिली तो उन्होंने 14 फरवरी को वीरपुर थाने में किडनैपिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई। फिर भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही, उसकी खोजबीन नहीं की। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण मासूम का रेप हुआ।

 5 दिनों के बाद भी छात्रा को पुलिस नहीं ढूंढ़ पाई। अब अगर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो धरना प्रदर्शन होगा। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में कर लिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

11 वर्षीय छात्रा 13 फरवरी से लापता थी। परिजनों को आशंका थी कि उसे किसी ने किडनैप कर लिया है। इसके बाद ही वे थाने पहुंचे थे। बुधवार देर शाम घर से 3 किमी दूर सिउरी स्थित कोरिया घाट पर स्थानीय लोगों ने शव को तैरते देखा। 

इसके बाद उन्होंने परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बदहवाश होकर परिजन घाट पर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। स्कूल ड्रेस में छात्रा का शव घाट पर तैर रहा था।

पुलिस के अनुसार छात्रा के साथ रेप हुआ है। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या की गई है और शव को बूढ़ी गंडक में फेंक दिया गया है।

 फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश है। वे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिजनों ने बताया कि अगर आरोपी गिरफ्तार नहीं होता है तो शहर में धरना प्रदर्शन करेंगे।