SAMASTIPUR : समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को डीएम शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारियों की एक बैठक हुई। इसमें सरस्वती पूजा, मैट्रिक परीक्षा एवं पैक्स चुनाव की तैयारियों पर विमर्श किया। आगामी 15 फरवरी को पैक्स चुनाव को लेकर जिले के कुल 62 बूथों पर 11 प्रखंडों में मतदान किया जाएगा।
पैक्स चुनाव के बाद 11 मतगणना केंद्रों पर मतगणना की जाएगी। 16 फरवरी को सरस्वती पूजा को लेकर सभी अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को शांति समिति की बैठक आयोजन करने का निर्देश दिया। यथासंभव सभी पंडाल आयोजकों का पंजीकरण करने और समिति द्वारा 10 वॉलंटियर्स के नाम लाइसेंस निर्गत करने से पूर्व लेने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूजा अवधि में डीजे बजाने पर पूर्णत प्रतिबंध है। शांति समिति के माध्यम से आम लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा। सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी को अपने संबंधित क्षेत्र में भ्रमण कर डीजे नहीं बजाने का संदेश देगें। नियम का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर डीजे जब्त करने का निर्देश दिया।
सरस्वती पूजा में विसर्जन रूट चार्ट, घाटों का निरीक्षण कर सत्यापन करने का निर्देश दिया। मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम ससमय किया जाएगा। नृत्य कार्यक्रम/ऑर्केस्ट्रा के आयोजन की अनुमति नहीं है। पुलिस अधीक्षक ने 107 से संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन कराने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत आगामी पंचायत चुनाव से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि मुखिया के घर से 100 मीटर की दूरी के अंदर अगर कोई बूथ आता है, तो उसे चेंज कर दूसरा बूथ बनाने का निर्देश प्राप्त है।
17 फरवरी से मैट्रिक परीक्षा आरंभ हो रही है। जिसमें कुल 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। मौके पर अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, निदेशक लेखा एवं प्रशासन सभी अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, सामान्य शाखा प्रभारी, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।