NAWADA : नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के हुडराही गांव में सोमवार की देर रात अपराधी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसमें वहां के थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु आइपीएस चंद्रप्रकाश समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस मामले में पुलिस द्वारा कुछ ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस इस घटनाक्रम के बारे में विशेष कुछ नहीं बता रही है। घायल थानाध्यक्ष व अन्य पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए पीएचसी अकबरपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के द्वारा सिर्फ इतना बताया जा रहा है कि एक केस के सिलसिले में पुलिस रात्रि में अकबरपुर थाना क्षेत्र के हुडराही गांव गई थी। पुलिस को मंटू यादव नामका अपराधी की तलाश थी। पुलिस की टीम ने जैसी ही गांव में उसकी तलाश शुरू की तभी चोर-चोर का शोरकर असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इसमें कई पुलिसकर्मी सहित प्रशिक्षु आइपीएस घायल हो गए। जख्मी थानाध्यक्ष व अन्य पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए पीएचसी अकबरपुर में भर्ती कराया गया है।