SAMASTIPUR : रविवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और सूर्यदेव लुकाछिपी करते रहे। हल्की-हल्की पछुआ हवा बहने के कारण कनकनी में भी इजाफा हुआ है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार में अगले दो दिनों तक हल्के से मध्यम बादल आसमान में लग सकते हैं, लेकिन वर्षा की संभावना नहीं है।
व्यापार पर पड़ रहा असर
ठंड की वजह से व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। दुकानें देर से खुल रही तो जल्द शटर गिरा दिया जा रहा है। हालांकि गर्म कपड़ों की दुकानों पर लोगों की भीड़ दिख रही है। लोगों का मानना है कि पूस के इस महीने में ठंड पूरे शबाब पर होगा। जिससे बचने की जरूरत है.
सेहत के प्रति सतर्क रहें
ठंड के इस मौसम में सेहत का ख्याल रखना जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही आपको बीमारी की चपेट में ला सकती है। डॉ. एके आदित्य कहते हैं कि यह मौसम दिल के मरीजों को परेशान करने वाला होता है। इसलिए पूरी तरह सतर्क रहें। किसी प्रकार की समस्या होने पर अविलंब चिकित्सक से सम्पर्क करें। छोटे छोटे बच्चों को पूरी तरह गर्म कपड़ों से ढंक कर रखें।