SAMASTIPUR : दैनिक कर्मचारियों को इपीएफ की राशि खाते पर जमा करने समेत चार सूत्री मांगों को लेकर स्थानीय निकाय कर्मचारियों ने कार्य का बहिष्कार करते हुए नगर परिषद कार्यालय पर बुधवार को जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए संगठन के जिला सचिव लालबहादुर साह ने कहा कि नगर परिषद प्रशासन की उदासीनता के कारण दैनिक सफाई कर्मी व मजदूर आर्थिक व मानसिक समस्याओं से जूझ रहे हैं।
इस ओर संगठन की ओर से कई बार विभागीय पदाधिकारियों का ध्यान आकृष्ठ कराया और वार्ता भी हुई। लेकिन आश्वासन के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। 11 सूत्री मांगों को लेकर हाल ही में 18 जनवरी को संगठन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधि व नप पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई थी।
इसमें एक माह के निश्चित अंतराल के बीच कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका अद्यतन करने, दैनिक मजदूर की इपीएफ की राशि जमा करने, स्थायी कर्मचारियों का पीएफ की राशि का विपत्र जमा करने, पेंशन योजना के लिए विभाग से पत्राचार करने, वर्ष 2007 के एक माह का बकाया वेतन भुगतान करने, बकाया बारह माह के वेतन के विरुद्ध एक माह के वेतन भुगतान करने की प्रकिया शुरु करने का आश्वास दिया था।
इसके लिए एक कमेटी भी बनाई गई थी। लेकिन समस्या का सामाधान नहीं हो सका। जिलाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि मांगें पूरी होने तक सभी कर्मी अनिश्चिकालिन हड़ताल पर रहेंगे। मांगों को लेकर आक्रोशित दैनिक सफाई कर्मियों नगर परिषद प्रशासन व प्रधान लिपिक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इधर, सफाई कर्मियों के हड़ताल से पूरे दिन शहर में साफ सफाई की व्यवस्था प्रभावित रही। जगह जगह गंदगी व कूंडे का अंबार जमा है। मौके पर चंद्रकला देवी, मीरा देवी, संजू देवी, रेखा देवी, सुरेखा देवी, पनमा देवी, ममता देवी, चुनचुन राम, रमेश, छोटेलाल राम, प्रमोद राम, दिलीप राम, सुरेन्द्र राम, गणेश ठाकुर, परमानंद कुशवाहा, संजीव कुमार समेत काफी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे।