NALANDA : नालंदा के सोहसराय में छेड़खानी का रिपोर्ट दर्ज कराने गए परिजनों को जब पुलिस ने थाने से भगाया तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस की लापरवाही के विरोध में लोगों ने सोहराय चौक को जाम कर दिया। लगभग 1 घंटे तक लोग विरोध-प्रदर्शन करते रहे। स्थानीय पुलिस के आने के बाद ही मामला शांत हुआ। गुरुवार को ट्यूशन पढ़ने जा रही छात्राओं के साथ मनचलों ने छेड़खानी की थी। छात्राओं द्वारा विरोध करने पर मनचले उनके साथ हाथापाई पर भी उतर आए थे। इसी बात को लेकर परिजन थाने पहुंचे थे।
परिजनों का आरोप है कि थाने से उन्हें भगा दिया गया और केस दर्ज करने से मना कर दिया था। इधर, सोहसराय थानाध्यक्ष श्याम किशोर प्रसाद ने इस आरोप से इंकार किया है। मामले पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि सुबह से हमलोग थाने में ही हैं। इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई थी। फिलहाल पुलिस ने आवेदन के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू हो गई है। कार्रवाई हर हाल में होगी।
व्हाट इज मोबाइल नंबर...
गुरुवार को मनचले फिल्मी स्टाइल से 2 बाइक से आए और ट्यूशन पढ़ने जा रही छात्राओं से मोबाइल नंबर मांगने लगे। छात्राओं ने जब कोई जवाब नहीं दिया तो वे उनका पीछा करने लगे। इसी बीच एक मनचले ने उन्हें मोबाइल ऑफर कर दिया। अपना मोबाइल आगे बढ़ाकर रख लेने को कहा। इस बात पर एक छात्रा ने विरोध जताया तो मनचले हाथापाई पर उतर आए। किसी तरह छात्राएं घर पहुंचीं और इस बात की जानकारी अपने घरवालों को दीं।
थाने में दर्ज नहीं हुई शिकायत
इसके बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने परिजन सोहसराय थाना पहुंच गए। उनका आरोप है कि उन्हें थाने के बाहर से ही भगा दिया गया। उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई। इससे वे आक्रोशित हो गए और सोहराय चौक पर जाकर प्रदर्शन करने लगे। हालांकि थानाध्यक्ष ने इस तरह के किसी केस के आने की बात से इंकार किया है।
1 घंटे तक जाम रहा ट्रैफिक
सोहराय चौक पर आक्रोशित परिजनों ने लगभग 1 घंटे तक प्रदर्शन किया। इससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। इससे चौक पर गाड़ियों की लंबी लाइन लगनी शुरू हो गईं। इधर, जाम की सूचना मिलते ही पुलिस पूरे दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले को शांत कराया। सोहसराय थानाध्यक्ष श्याम किशोर प्रसाद ने कहा कि पुलिस ने आवेदन के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर हर हाल में कार्रवाई होगी।