LAKHISARAI : जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगासराय पंचायत के पश्चिमी टोला निवासी मनोज कुमार सिंह के एकलौते 20 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार का गुरुवार की अहले सुबह अज्ञात लोगों के द्वारा अपहरण किये जाने का मामला प्रकाश में आया है.
मिली जानकारी के अनुसार अपहृत शिवम कुमार को सेना की भर्ती परीक्षा में कलर्क ग्रेड चयन हो चुका है तथा आगामी 14 जनवरी को उसे अपने कार्यस्थल हैदरबाद में योगदान देने के लिए जाना था.
इसी बीच गुरुवार की अहले सुबह शिवम अपने नियमित दौड़ के लिए घर से निकला था. उसी दौरान अज्ञात लोगों के द्वारा उसका अपहरण कर लिया गया. जिसकी जानकारी मिलने के बाद शिवम के परिजनों में कोहराम मच गया.
जिसके बाद परिजन शिवम की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर गंगासराय गांव के पास ही एनएच 80 पर धरना देकर सड़क को जाम कर दिया है.
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही बड़हिया थाना की पुलिस के अलावा एसडीपीओ रंजन कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ गंगासराय पहुंच मामले की पूरी जानकारी ली तथा परिजनों को जल्द से जल्द शिवम को ढूंढ निकालने का भरोसा दिलाया.
वहीं चर्चाओं की मानें तो शिवम का परिवार ज्यादा संपन्न नहीं है, जिसको लेकर शिवम का पैसों को लेकर अपहरण किये जाने की बात से लोग इंकार कर रहे हैं.
वहीं कुछ लोग शिवम की शादी को लेकर उसे अगवा किये जाने की आशंका जता रहे हैं. हालांकि समाचार लिखे जाने तक शिवम का पता नहीं चल सका है तथा ग्रामीण एनएच 80 को जाम किये हुए हैं.