DARBHANGA : बिहार में पूर्ण रूप से शराबबंदी है. लेकिन इसके बावजूद भी कई जिलों में लगातार शराब जब्ती की ख़बरें सामने आ रही हैं. दरभंगा जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के एक नेता के प्राइवेट स्कूल से एक ट्रक विदेशी शराब जब्त किया है. भाजपा का नेता पूर्व मुखिया भी बताया जा रहा है, जिसके यहां ये माल बरामद हुआ है.
थानाध्यक्ष हरि किशोर यादव ने बताया कि रविवार की रात सूचना मिली थी कि समस्तीपुर-विशनपुर मार्ग से शराब की बड़ी खेप आयी है. सढ़वाड़ा में सुशीला पब्लिक स्कूल के बगल में किड्स प्ले स्कूल परिसर के अन्दर मुख्य द्वार बंद कर पंजाब नंबर के ट्रक से ट्रैक्टर पर शराब अनलोड किया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गयी. पहले गेट में ताला लगा हुआ था. फांदकर अंदर जाने पर दो और गेट नजर आये.
सभी गेट फांदकर अंदर गया तो सभी आरोपित अंधेरे का फायदा उठाते पुलिस को चकमा देकर फरार हो गये. जब्त बुलेट बाइक, हीरो स्पेलेंडर व ट्रैक्टर-ट्रक के पास खड़ी थी. ट्रक पर शराब की मात्रा इतनी अधिक थी कि बोतलें गिनती करने में पुलिस को पूरा दिन लग गया. ट्रक के पिछले डाला पर 458 कार्टन में 13 हजार 644 बोतल शराब जब्त की गयी है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही तस्कर पुलिस की गिरफ्त में होंगे. इधर स्कूल परिसर से भारी मात्रा में शराब बरामदगी से इलाके के तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है. पूर्व मुखिया के व्यावसायिक प्रतिष्ठान एवं स्कूल परिसर से शराब बरामदगी की चर्चा दिनभर इलाके में होती रही.