2021/01/09

BREAKING : इंडोनेशिया में यात्री विमान लापता, 62 लोग थे सवार,लापता विमान के बारे में कोई सुराग नहीं

DESK : इंडोनेशिया से एक विमान लापता  की खबर सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद शनिवार को श्रीविजय एयर के जेट यात्री विमान का संपर्क हवाई यातायात नियंत्रक से टूट गया.

रॉयटर्स के हवाले से खबर है कि घरेलू उड़ान भर रहे इस विमान में चालक दल के सदस्यों के साथ 62 लोग सवार थे. इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता अदिता इरावती ने कहा कि बोइंग 737-500 विमान ने दोपहर करीब 1:56 बजे जकार्ता से उड़ान भरी और अपराह्न करीब 2:40 बजे इसका संपर्क नियंत्रण टावर से टूट गया.

एयरलाइन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, विमान ने जकार्ता से पोंटियनाक के लिए उड़ान भरी थी जो इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप स्थत पश्चिम कालीमंतन प्रांत की राजधानी है. इस उड़ान की अवधि करीब 90 मिनट थी.

इस विमान पर 56 यात्रियों के अलावा चालक दल के छह सदस्य सवार थे. इरावती ने एक बयान में कहा, राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा समिति के साथ समन्वय स्थापित कर लापता विमान की तलाश की जा रही है. जकार्ता से पोंटियनाक जाने वाले विमान की अधिकतर यात्रा जावा समुद्र के ऊपर से ही गुजरती है. अब तक लापता विमान के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है.