2021/01/09

बिहार में इंटर प्रैक्टिकल एग्जाम देकर घर लौट रही छात्रा को बेलगाम ट्रक ने कुचला, मौके पर हुई मौत

KATIHAR : कटिहार में इंटर का प्रैक्टिकल एग्जाम देने आई एक छात्रा को बेलगाम ट्रक ने कुचल डाला। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में एक रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल है। घटना KB झा कॉलेज के पास की है, जहां ट्रक ने बाइक में टक्कर मारते हुए एक रिक्शा चालक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा का शरीर मौके पर ही क्षत-विक्षत होकर पसर गया। 

वहीं, रिक्शा चालक हवा में उछाल खाते हुए जमीन पर औंधे मुंह गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 मृतक की पहचान हसनगंज महनौर गांव निवासी अंशु कुमारी के रूप में की गई है। वहीं, कटिहार के ही कोढ़ा में एक अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार एक शख्स की जान ले ली। मृतक की पहचान सिमरिया गांव निवासी मो. खबीर के रूप में की गई है।

इंटर प्रैक्टिकल एग्जाम देने कटिहार आई थी अंशु
अंशु इंटर का प्रैक्टिकल एग्जाम देने के लिए भागलपुर के हसनगंज महनौर गांव से कटिहार आई थी। BMP हाई स्कूल से एग्जाम देने के बाद वह अपने एक परिजन सच्चिदानंद कुमार के साथ बाइक घर लौट रही थी। 

इसी दौरान KB झा कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद एक रिक्शा चालक को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जब छात्रा की वहीं मौत हो गई तो चालक मौके की नजाकत को देखते हुए वहां से फरार हो गया।

आक्रोशित लोगों ने 2 घंटे तक किया सड़क जाम

वहीं, कटिहार के ही कोढ़ा में एक अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार एक शख्स की जान ले ली। वह साइकिल से मजदूरी करने के लिए कटिहार आ रहा था। इसी दौरान कोढ़ा में कोलासी पेट्रोल पंप के पास ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

हादसे के बाद जब स्थानीय लोग वहां पहुंचे तो ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। हादसे में मौत से मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और जमकर प्रदर्शन करने लगे। सड़क जाम कर उन्होंने आगजनी की और लगभग 2 घंटे तक यातायात को बाधित कर दिया।

 घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और लोगों को समझाया बुझाया। मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर लोगों ने प्रदर्शन बंद किया। मृतक की पहचान सिमरिया गांव निवासी मो. खबीर के रूप में की गई है।