2021/01/20

छिनतई की घटना को अंजाम देने वाले आधा दर्जन से अधिक बदमाश हिरासत में, ताबड़तोड़ छापेमारी से हड़कंप

SAHARSA :  इन दिनों सदर थाना समेत अन्य जगहों पर छिनतई व लूट की घटना में हो रही वृद्धि के बाद सहरसा पुलिस एक्शन में दिख रही है। नवपदस्थापित एसपी लिपि सिंह के निर्देश पर शहरी क्षेत्र के अलावा भारी संख्या में पुलिस बल के साथ कटिहार के कोढ़ा में छापेमारी की गई। करीब आधे दर्जन बदमाशों को पुलिस ने हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक छिनतई की घटना पर रोक लगाने को लेकर एसपी पूरी तरह सख्त है। 

सोमवार को लूट की हुई घटना के बाद कोढ़ा गैंग के एक सदस्य की गिरफ्तारी से पुलिस को कई अहम सुराग मिले। जिसके बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ संतोष कुमार व सदर थानाध्यक्ष राजमणि के नेतृत्व में सदर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी समेत छह दर्जन से अधिक पुलिस जवानों की एक टीम गठित की गई। 

गठित टीम द्वारा शहरी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर कुछ संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। उसके बाद पूरी टीम कटिहार के लिए सोमवार की रात रवाना हो गई। वहां कटिहार पुलिस के सहयोग से कोढ़ा के एक गांव में छापेमारी कर कुछ लोगों को पकड़ा गया। हालांकि पुलिस फिलहाल छापेमारी में जुटी है और खुलासा करने से परहेज कर रही है। वहीं सूत्रों की मानें तो पकड़ाए बदमाशों ने छिनतई की कई घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। दो बाइक व अन्य सामानों की भी बरामदगी हुई है।

बैंक से पीछा करते हैं बदमाश

जानकारों की मानें तो कोढ़ा थाना क्षेत्र में एक गांव है जहां से कोसी इलाके ही नहीं कई इलाकों में गिरोह के सदस्य फैल जाते हैं और बैंक से पीछा कर छिनतई की घटना को अंजाम देकर आसानी से निकल जाते हैं। वैसे इस गिरोह के सदस्यों ने छिनतई का तरीका भी बदला है। गिरोह के सदस्य बाइक में ठोकर मारकर गिराने के बाद रूपये लेकर भाग जाते हैं। 

तनिक भी लापरवाही पर गिरोह के सदस्य घटना को अंजाम दे देते हैं। वैसे, अगर लोग सावधान रहे तो छिनतई की घटना रूक सकती है। हालांकि सहरसा पुलिस के प्रयास से आने वाले समय पर छिनतई की घटना पर विराम लगने की संभावना बनीं है। वहीं सूत्रों की माने तो एसपी जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी मीडिया कर्मियों को सार्वजनिक करेगी।

रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा