SHEKHPURA : बिहार के शेखपुरा में एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया। लड़की की मां ने उसके अपहरण का आरोप अपने दूसरे पति पर लगाया और प्राथमिकी दर्ज कराई। अपहरण का मामला होने के कारण पुलिस एकदम सतर्क हो गई और तुरंत छानबीन शुरू कर दी। इधर, पुलिस की गतिविधि बढ़ते ही अपहर्ता तीन दिन बाद उसे छाेड़कर भाग निकले। अपहृत लड़की शुक्रवार की रात पुलिस को सड़क पर रो-रोकर भटकते हुए मिली।
शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र का है मामला
मामला शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। लड़की के कई घंटे तक गायब रहने के बाद उसकी मां ने अपने दूसरे पति पर अपनी बेटी के अपहरण करने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने बरबीघा मिशन ओपी से उसे बरामद कर लिया। मिशन ओपी के पास बीच रोड पर नाबालिग रोती हुई मिली। जिसे पूछताछ में थाना लाया गया और फिर सारा मामला सामने आया। पुलिस ने उसे बरामद कर शेखपुरा टाउन थाना के हवाले कर दिया। बरामदगी की यह घटना शुक्रवार की रात को हुई है।
अपहर्ताओं का सुराग ढूंढने में लगी है पुलिस
इस संबंध में शेखपुरा टाउन थाना के थानाध्यक्ष विनोद राम ने बताया कि लड़की के पिता का निधन हो गया है। उसकी मां ने पास के एक युवक से दूसरी शादी रचा ली है। आरोप है कि इसी युवक ने लड़की का अपहरण कर लिया। बरामदगी के बाद किशोरी ने बताया कि दो-तीन दिनों तक उसे एक बोलेरो में इधर-उधर घुमाया गया है और बाद में उसे रोड के किनारे लाकर छोड़ दिया गया है। पुलिस लड़की की मेडिकल जांच कराने की तैयारी में है। इसके बाद उसे कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस लड़की से यह जानने की कोशिश कर रही है कि तीन दिन में अपहर्ता उसे लेकर कहां-कहां गए। अपहर्ताओं का सुराग पाने के लिए पुलिस लगातार कोशिश कर रही है।