SAMASTIPUR : सरायरंजन थाना क्षेत्र स्थित बंधन बैंक की शाखा में बीते 30 दिसंबर को हुई लूट की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार के नेतृत्व में गठित एसआइटी की विशेष टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
उसकी पहचान ताजपुर थाना क्षेत्र के गोनाई बसही निवासी सियाराम सहनी के पुत्र गुड्डू सहनी उर्फ निशांत कुमार के रूप में हुई है। उसके पास लूटकांड में प्रयुक्त एक बिना नंबर की बाइक व टैब बरामद हुआ है। शनिवार को मुफस्सिल थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक विकास बर्मन ने मामले का पर्दाफाश किया।
बताया कि घटना को अंजाम देने से पूर्व बदमाशों ने रेकी की थी। बैंक शाखा के आसपास के माहौल से पूरी तरह वाकिफ होकर 30 दिसंबर 2020 को हथियारबंद बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से बंधन बैंक की शाखा से 34 हजार रुपये लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसमें चार आरोपितों की पहचान कर ली गई है।
लूटकांड में गठित एसआइटी ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज में कई संदिग्धों को चिह्नित किया। एक दर्जन से अधिक संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। तकनीकी अनुसंधान की मदद ली गई। इसके बाद अपराधियों का सुराग मिला। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपित एक संगठित गिरोह का सदस्य है। इसने पूर्व भी कई लूटकांड की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
उसके पास से एक बिना नंबर की बाइक व टैब बरामद हुआ है। बता दें कि 30 दिसंबर को हथियारबंद अपराधियों ने सरायरंजन स्थित बंधन बैंक की शाखा में दिनदहाड़े धावा देकर 34 हजार रुपये लूट की घटना को अंजाम दिया था।
छापेमारी टीम में सरायरंजन थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, मुफस्सिल थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य, ताजपुर थानाध्यक्ष शंभूनाथ सिंह, हलई ओपी थानाध्यक्ष संदीप पाल, डीआइयू प्रभारी परमानंद लाल कर्ण, अरविद कुमार, नारायण कुमार पाठक समेत सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे।