2021/01/11

नवविवाहिता की सिर काटकर हत्‍या,शव मिलने से इलाके में सनसनी,सिर की तलाश में जुटी है पुलिस

SIWAN : जिले में सोमवार की सुबह एक तालाब से नवविवाह‍ित महिला का शव बरामद किया गया है। महिला की पहचान अभी नहीं हुई है। महिला का सिर कटा हुआ है। इससे पता चलता है कि उसकी हत्‍या बेहद खौफनाक और शातिराना तरीके से की गई है। महिला का सिर नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान में मुश्किल आ रही है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों और चौकीदारों की मदद से मामले का सुराग पाने में जुटी है।

शव मिलने की सूचना पर तालाब किनारे जुट गई भीड़

सिवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छपिया गांव के समीप तालाब में सोमवार की सुबह को एक नवविवाहिता का देखे जाने के बाद लोगों में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। इधर पूरे गांव में शव मिलने की सूचना पर लोगों की भीड़ तालाब किनारे एकत्रित हो गई। थोड़ी देर में पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।

पंचनामा करने के बाद पोस्‍टमॉर्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने शव की शिनाख्त करने की कोशिश की लेकिन किसी द्वारा पुष्टि नहीं किये जाने के बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमाॅर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई पर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ठाकुर ने बताया कि महिला के शव को तालाब से बरामद किया गया है। महिला का सिर नहीं होने के कारण शिनाख्त नहीं हो सकी है। जांच की जा रही है।

कहीं और हत्‍या किए जाने की जताई जा रही आशंका

पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्‍या कहीं और की जा गई है। पुलिस को यह भी शक है कि महिला किसी दूसरे इलाके की रहने वाली हो सकती है। आशंका यह भी है कि उसका सिर कहीं और फेंका गया होगा। इसके कारण उसकी पहचान में मुश्किल हो सकती है। इस तरह की आशंका प्राय: नजदीकी लोगों द्वारा ही की जाती है।

INPUT-DAINIK JAGRAN