PATNA : बिहार में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना अब पहले से अधिक आसान हो गया है। परिवहन विभाग ने लर्निंग लाइसेंस के लिए शुल्क जमा करने की व्यवस्था में बदलाव कर दिया है। नयी व्यवस्था के तहत स्लॉट बुक होते ही लर्निंग लाइसेंस के लिए 740 रुपये का शुल्क जमा करना पड़ रहा है। स्लॉट बुक करते समय लर्निंग लाइसेंस जांच परीक्षा के लिए अपनी सुविधा के अनुसार तिथि भी मिल रही है।
केवल ऑनलाइन आवेदन देने की व्यवस्था
आवेदन सिर्फ ऑनलाइन लिए जा रहे हैं। ऑफलाइन व्यवस्था पूर्ण रूप से बंद कर दी गई है। जिला परिवहन कार्यालय में सिर्फ ऑनलाइन परीक्षा में भाग लेने के लिए ही जाना है। 10 मिनट की परीक्षा में यातायात नियमों से जुड़े 10 सवालों के जवाब देना है। पास होने के लिए छह सवाल सही होने चाहिए। परिणाम उसी वक्त आ जाता है। लर्निंग लाइसेंस टेस्ट का परिणाम आने के बाद सर्टिफिकेट प्रिंट के लिए आवेदकों को अब जिला परिवहन कार्यालय में बैठकर देर तक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है।
लर्निंग लाइसेंस के लिए केवल एक बार कार्यालय आने की जरूरत
लर्निंग लाइसेंस टेस्ट देने के बाद लोग घर से या कहीं से भी ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस सर्टिफिकेट का प्रिंट निकाल रहे हैं। दिसंबर माह के अंत से यह व्यवस्था राज्य के सभी जिला परिवहन कार्यालयों में शुरू हो चुकी है। इस व्यवस्था से लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए आवेदकों को जिला परिवहन कार्यालय में सिर्फ एक बार टेस्ट देने के लिए आना पड़ रहा है। पहले लर्निंग लाइसेंस टेस्ट देने के बाद आवेदकों को प्रिंट लेने के लिए इंतजार करते थे। सर्टिफिकेट अप्रूव तथा प्रिंट होने के बाद ही उन्हें प्राप्त मिलता था।
टेस्ट में पास होते ही मिलेगा लर्निंग लाइसेंस
लर्निंग लाइसेंस टेस्ट में पास होने पर तत्काल बाद डिजिटल अप्रूव हो जा रहा है तथा मोबाइल पर लाइसेंस नंबर का मैसेज प्राप्त हो रहा है। लर्निंग लाइसेंस सर्टिफिकेट का प्रिंट लेने के लिए आवेदकों को ऑनलाइन एप्लिकेशन नंबर तथा डेट ऑफ बर्थ डालना पड़ता है। मोबाइल पर ओटीपी नंबर आएगा। इसके बाद लर्निंग लाइसेंस डाउनलोड कर प्रिंट ले सकते हैं। ऑनलाइन टेस्ट में पास होने के बाद ही आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया जा रहा है। यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के के समय ही परीक्षा ली जाती है।
कहते हैं जिला परिवहन अधिकारी
जिला परिवहन पदाधिकारी पुरुषोत्तम का कहना है कि ऑनलाइन घर से लाइसेंस के लिए आवेदन देना है। जिला परिवहन कार्यालय सिर्फ जांच परीक्षा में भाग लेने के लिए आना पड़ता है। ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया सरल होते जा रही है।