PATNA : पटना के मसौढ़ी में एक 30 वर्षीय महिला की ससुरालवालों द्वारा पीट-पीटकर हत्या करने और फिर शव गायब किये जाने का मामला सामने आया है। घटना भगवानगंज थाना के पश्चिआरीचक खरौना गांव की है।
मिली जानकारी के मुताबिक खरौना ग्रामवासी सत्येंद्र सिंह ने अपनी पुत्री राधिका देवी की शादी वर्ष 2009 में पश्चिआरीचक के मंटू कुमार के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही सभी आरोपित अक्सर राधिका देवी के साथ मारपीट करते थे। दो दिन पूर्व उन्होंने पीट पीटकर राधिका देवी को मार डाला और शव को गायब कर दिया। सूचना मिलने पर सोमवार की सुबह मायकेवाले उसके ससुराल पहुंचे तो शव को गायब पाया।
मृतका के पिता ने इस मामले में पति मंटू कुमार, ससुर गनौरी सिंह, सास अंजू देवी व जेठानी रेखा देवी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने गनौरी सिंह व अंजू देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल फरार पति व जेठानी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
भगवानगंज थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है। अन्य दो फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।