SAMASTIPUR : नौ माह बाद कई सरकारी उच्च विद्यालय और निजी विद्यालय एक बार फिर से गुलजार हुआ। नाक और मुंह पर मास्क तथा थर्मल स्क्रीनिग के बाद हाथों में सैनिटाइजर लेकर बच्चों ने कक्षा में प्रवेश किया। कक्षा में 6 फुट लंबे बेंच पर सिर्फ 2 छात्र ही बैठे। कड़े अनुशासन के साथ शिक्षक और छात्र दोनों ही नजर आए। इसकी निगरानी पटोरी के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने की।
स्थानीय गुलाब बूबना इंटर स्कूल, जीवनी उच्च विद्यालय, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय के अतिरिक्त विभिन्न निजी विद्यालयों में भी कोरोना के प्रति लोगों में काफी जागरूकता देखी गई तथा शिक्षक और छात्र ने सरकार द्वारा जारी नियमावली का अक्षरश: पालन किया।
ज्ञात हो कि सरकारी निर्देशानुसार आज से नवम, दशम तथा इंटर की कक्षाओं का संचालन शुरू किया गया है। लिहाजा विद्यालय तथा कोचिग संस्थानों में रौनक लौट आई। सड़कों पर छात्र और छात्राओं की भीड़ देखी गई, कितु मास्क लगाकर ही कक्षा का संचालन हो सका।
शिक्षक तथा छात्रों ने शारीरिक दूरी का पूरा पूरा पालन किया तथा आधी संख्या के साथ विद्यालय संचालन के कार्य में जुट गए। उच्च अधिकारियों के द्वारा स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया था कि वे विद्यालयों के संचालन की निगरानी करें तथा कोविड-19 से संबंधित नियमावली का पूरा पूरा पालन करवाएं। पटोरी के विभिन्न विद्यालयों तथा संस्थानों में निर्धारित नियमावली के तहत ही कक्षा का संचालन किया गया।