2021/01/14

समस्तीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक और बोलेरो की टक्कर में एक की मौत, तीन की हालत नाजुक

SAMASTIPUR : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रुपौली गांव स्थित एनएच 28 पर गुरुवार की सुबह अनियंत्रित ट्रक और बोलेरो में टक्कर हो गई। इसमें बोलेरो पर सवार एक अधेड़ की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक की स्थिति गंभीर बताई गई है। 

मृतक समेत सभी घायल दरभंगा जिले के ङ्क्षसघवाड़ा थानान्तर्ग भवानीपुर के निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद ट्रक का चालक और उपचालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान सङ्क्षकद्र यादव (52) के रूप में की गई है। वहीं घायलों में बोलेरो चालक नरेश कुमार यादव, चुल्हाई यादव एवं उनकी पत्नी फूलो देवी शामिल हैं।

 घटना के संबंध में बताया गया है कि एक बोलेरो (बीआरओ-पीए-0763) में सवार सभी चार लोग अपने घर से मकर संक्रांति के अवसर पर गंगा स्नान के लिए बेगूसराय स्थित सिमरिया घाट जा रहे थे। इस बीच मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रुपौली गांव स्थित एनएच 28 पर विपरीत दिशा से आ रहे एक गिट्टी लदे ट्रक (जेएच 12फ-6923) से उसकी टक्कर हो गई। 

हालांकि घने कुहासे के कारण टक्कर होने की बात कही जा रही है। ट्रक की गति इतना तेज था कि वह बोलेरो को घसीटते हुए 50 फीट दूर तक चला गया। इस हादसे में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। नतीजतन एक अधेड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।