PATNA : कड़ाके की ठंड में भी गर्दनीबाग धरना स्थल पर नियोजित शिक्षक अभ्यर्थी डटे हुए हैं। करीब पांच हजार अभ्यर्थी बिहार के विभिन्न जिलों से पटना आए हुए हैं। प्रारंभिक शिक्षक नियोजन के लिए काउंसिलिंग की तिथि जारी करने के बजाय उसमें लगातार विलंब किया जा रहा है।
शिक्षामंत्री के खिलाफ नारेबाजी
अभ्यर्थियों ने सरकार की नीति के खिलाफ भिक्षाटन भी किया। धरनास्थल पर बैठे कई अभ्यर्थियों के हाथ में पोस्टर दिखा कि- जल्द बहाली नहीं होने पर आत्मदाह करेंगे। अन्य शिक्षकों के हाथ में ' करो या मरो बहाली से कुछ कम नहीं', 'हम मर जाएंगे लेकिन बहाली लेकर रहेंगे, और ' पंचायत चुनाव से पहले करो बहाली' वाले पोस्टर दिख रहे हैं। बीच-बीच में सरकार और शिक्षामंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी हो रही है।
38 जिले से पहुंचे हैं अभ्यर्थी
कई महिलाएं भी महाआंदोलन में आई हुई हैं। सीतामढ़ी की विद्या लक्ष्मी अपने 6 साल के बच्चे के साथ यहां आई हुई हैं। अपने बच्चे को पटना के एक संबंधी के यहां रखकर धरना स्थल पर धरना दे रही हैं। सीवान की सीमा कुमारी, सीतामढ़ी की नीतू सिंह, सविता कुमारी, अनामिका, दरभंगा से पूनम कुमारी, हाजीपुर से चंदा कुमारी जैसी कई महिलाएं भी पटना आकर धरना दे रही हैं। पुरुषों में बिहार के 38 जिलों से कोई न कोई अभ्यर्थी जरूर पहुंचा हुआ है।
अभ्यर्थियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़
ठंड की वजह से प्रदर्शनकारियों को कंबल आदि लेकर आना पड़ा है। खाने का कोई अच्छा इंतजाम नहीं है, इसलिए सुबह का नाश्ता लिट्टी चोखा करते दिखे। सोमवार की रात धरना स्थल के पास ही भोजन बनवाया गया। बिहार TET-2017/CTET उत्तीर्ण अभ्यर्थी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमसबों ने शिक्षा विभाग में अफसरों से लेकर मंत्रियों तक अपनी बात पहुंचाई लेकिन इस बहाली पर कोई सीरियस नहीं है। लगभग दो लाख अभ्यर्थियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
ये है अभ्यर्थियों की मुख्य मांग
-जिला स्तर पर ओपेन कैंप के माध्यम से काउंसिलिंग और नियुक्ति पत्र वितरण करने संबंधी शिड्यूल जल्द से जल्द जारी किया जाए।
- काउंसिलिंग और नियुक्ति पत्र वितरण के उपरांत प्रमाण-पत्र की जांच की जाए और उसके बाद स्कूल में योगदान कराया जाए।
Input-dainik bhasker