2021/01/25

समस्तीपुर: सिपाही भर्ती परीक्षा में कड़ी जांच-पड़ताल के बाद ही अभ्यर्थियों को दी गई केंद्र के अंदर एंट्री, सभी की हुई थर्मल स्क्रीनिंग

SAMASTIPUR : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से रविवार को बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में सिपाही पद के लिए परीक्षा आयोजित की गई। इसको लेकर जिला में मुख्यालय स्तर पर 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जहां परीक्षा में भाग लेने वाले 6782 परीक्षार्थियों में करीब 20 फीसदी अनुपस्थित रहे। इसके बारे में एसडीओ सदर रविन्द्र कुमार दिवाकर ने बताया कि सिपाही भर्ती की परीक्षा एक पाली में सुबह 10-12 बजे के बीच ली गई। 

इसको लेकर सभी केंद्रों पर 9 बजे से परीक्षार्थियों की एंट्री शुरू हो गई थी। सभी जगह परीक्षार्थियों की थर्मल स्कैनिंग की गई। वहीं परीक्षा केंद्र पर सेनेटाइजर की व्यवस्था की गई थी। बताया गया कि परीक्षा शांतिपूर्ण रही। किसी भी केंद्र से किसी प्रकार के गड़बड़ी की खबर नहीं आई। परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षक वीक्षकों की नियुक्ति की गई थी।

इन केंद्रों पर हुई सिपाही भर्ती की परीक्षा 

जिला मुख्यालय के संत कबीर कॉलेज, श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय, होली मिशन हाई स्कूल, जेपी सेंट्रल स्कूल, तिरहुत अकादमी, गोल्फ फील्ड माध्यमिक विद्यालय, एसएस उच्च विद्यालय मुक्तापुर बीआरबी कॉलेज, विधि महाविद्यालय, माॅडल इंटर स्कूल, आरएसबी इंटर विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल, महिला महाविद्यालय, आरएनएआर कॉलेज, सेंट्रल पब्लिक स्कूल, संत कबीर इंटर कॉलेज, आदर्श विद्या निकेतन, एमएसकेजी कॉलेज व सरयुग महाविद्यालय में सिपाही भर्ती परीक्षा केंद्र बनाया गया था।