SAMASTIPUR : DM शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में सोमवार को कृषि टास्क फोर्स और उर्वरक निगरानी समिति की बैठक हुई। डॉ.राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के विद्यापति सभागार में पहली बार यह बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने कहा कि जिला एवं प्रखंड स्तर पर उर्वरक दुकानों की जांच कराई जा रही है। यदि दोनों जांच रिपोर्ट में अंतर पाया जाता है तो इसके लिए सीधे तौर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी की संलिप्तता मानी जाएगी।
डीएम ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों से कहा कि वे सभी दुकानों की जांच करें। उन्होंने खास दुकानों की निश्चित रूप से जांच करने को कहा। जिलाधिकारी ने धान क्रय की स्थिति की भी समीक्षा की। किसानों के लिए संचालित कृषि पाठशाला समेत कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान डीएम ने जिला कृषि पदाधिकारी को इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया।
उद्यान विभाग, गव्य विकास, जीविका, पशुपालन समेत अन्य विभागों के पदाधिकारियों के साथ भी समीक्षा की। डीएम ने इसकी प्रगति की समीक्षा करते हुए तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, सहायक निदेशक उद्यान, परियोजना निदेशक आत्मा, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, जिला जीविका पदाधिकारी, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक समेत अन्य मौजूद रहे।