PATNA : अधूरी प्रेम कहानी पर आधारित भोजपुरी नाटक ‘जिनिगिया...! तोहार’ का मंचन सोमवार को प्रेमचंद रंगशाला में हुआ। इसमें एक लड़के और एक लड़की के बीच अनूठा प्रेम देखने को मिलता है। आशा रेपर्टरी के बैनर तले मंचित इस नाटक में बाबरी मस्जिद कांड का भी एक दृश्य देखने को मिलता है।
नाटक की कहानी 1992 में बाबरी मस्जिद के ध्वस्त होने और कर्फ्यू के दौरान एक हिंदू लड़के और एक मुस्लिम लड़के के बीच पनपी प्रेम कहानी पर आधारित है। नाटक में पटना और कानपुर के बीच की कहानी चलती है। पटना का रहने वाला लड़का राहुल यूपी के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा होता है।
तभी उसे एक मुस्लिम लड़की शबनम से प्रेम हो जाता है। लेकिन यह नाटक हमारे सामने कई सवाल खड़ा कर जाता है। किसी कारणवश शबनम को श्वेता और राहुल को सर्फराज खान बनना पड़ता है। लोगों के दिमाग में तमाम सवाल आने लगते हैं। क्या यह जबरन हिंदू मुस्लिम बनने-बनाने की कहानी है?
हालांकि, बाबरी मस्जिद कांड के कारण राहुल को यूपी छोड़ पटना आना पड़ता है। अलग धर्म होने के कारण दोनों एक-दूसरे से शादी तो नहीं करते, लेकिन दोनों के बीच जीवनभर एक-दूसरे के प्रति प्यार और सम्मान रहता है। नाटक के लेखक मनोज भावुक, निर्देशक युवा रंगकर्मी जहांगीर खान और सह-निर्देशक तेजनारायण कुमार हैं।