SAMASTIPUR : जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिता जताते हुए उजियारपुर विधायक आलोक कुमार मेहता , समस्तीपुर विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन तथा मोरवा विधायक रणविजय साहू ने जिलाधिकारी कक्ष में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
विधायकों ने कहा कि विगत एक सप्ताह के अंदर वारिसनगर में मुखिया राजेश सहनी की हत्या, दलसिंहसराय महावीर चौक स्थित कोजी स्वीट्स के संचालक कौशिक कमल पर फायरिग, चकमेहसी थाना क्षेत्र के सोमनाहा घाट के निकट राजा उफऱ् गुलशन कुमार की हत्या, चकमेहसी थाना क्षेत्र के मो. शमसेर की अपहरण बाद हत्या तथा उजियारपुर थाना क्षेत्र के योगी चौक पर एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर डकैती की घटनाओं ने लोगों को भयभीत कर दिया है।
राजद विधायकों ने बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए स्पेशल ऑपरेशन शुरू करने की मांग की ताकि आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सके। जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने राजद विधायकों के शिष्टमंडल को इस ओर आवश्यक व अपेक्षित पहल का भरोसा दिलाया। मौके पर राजद जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर भी थे।