2021/01/07

समस्तीपुर-सहरसा भाया रोसड़ा रेल खंड में सवारी गाड़ियों के परिचालन बंद रहने से जताया आक्रोश,संघ ने चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया

SAMASTIPUR : कोरोना प्रबंधन को लेकर सवारी ट्रेनों के परिचालन ठप रहने के कई महीने बाद अब कई रेलखंडों पर सवारी ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया है। 

लेकिन खगड़िया-समस्तीपुर रेलखंड पर सवारी ट्रेनों का परिचालन सुचारु रूप से नहीं किया गया है। इस रेलखंड से होकर एकमात्र जानकी एक्सप्रेस का परिचालन अहले सुबह किया जा रहा है। 

जो कि क्षेत्र के यात्रियों के लिए नहीं के बराबर ही फायदेमंद है। ट्रेनों के परिचालन नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को रोसड़ा, समस्तीपुर, खगड़िया सहित अन्य गंतव्य स्थानों तक जाने में परेशानी होती है। 

वर्तमान समय में ट्रेनों की सुविधा से वंचित क्षेत्र के हर तबके के लोगों को खगड़िया-समस्तीपुर रेलखंड पर भाया हसनपुर रोड रेलवे स्टेशन होते हुए सवारी ट्रेनों के परिचालन शुरू किए जाने का इंतजार है।



दैनिक यात्री संघ पूर्व मध्य रेल मंडल समस्तीपुर की शाखा सिंघियाघाट स्टेशन के संयोजक मनोज कुमार की अध्यक्षता में दैनिक यात्रियों की एक बैठक सिंघियाघाट स्टेशन रोड स्थित एक निजी परिसर में संपन्न हुई। 

बैठक में चर्चा की गई कि लंबे समय से समस्तीपुर-सहरसा भाया खगड़िया रेल खंड में सवारी गाड़ियों के परिचालन बंद होने से दैनिक यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क से यात्रा करने पर काफी खर्च का बोझ उठाना पड़ता है। इससे गरीब वर्ग लोगों को बहुत अधिक दिक्कत हो रही है।

जबकि, दूसरे रेलखंड पर सवारी गाड़ी चलाई जा रही है। इस संबंध में दैनिक यात्री संघ समस्तीपुर ने रेल प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए कहा था कि अगर 5 जनवरी तक सवारी गाड़ी का परिचालन प्रारंभ नहीं किया गया तो संघ विभिन्न स्टेशनों पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी। सिंघियाघाट स्टेशन परिसर में आगामी 11 जनवरी को एक दिवसीय धरना देने का निर्णय लिया गया। 

बैठक में मंडल अध्यक्ष कृष्ण देव प्रसाद सिंह, रामबहादूर सिंह, अजय कुमार सिंह, राम स्वार्थ महतो, संदीप कुमार, अजीत कुमार, जिला परिषद रीना राय, अभिषेक कुमार अनल, संजीव ठाकुर, राजीव कुशवाहा, सुनील कुमार दास, रमेश कुमार साह, मनोज साह, सुरेश कुमार महतो, गणेश प्रसाद, विरेन्द्र कुमार महतो, श्याम सुंदर पोद्दार, धीरज रंजन, संजीत सहनी, अजय कुमार पासवान, जावेद, दाऊद, मुख्तार, हाजरा खातून, ललिता देवी, शोभा देवी आदि थे।