2021/01/14

शराब पीते हुए दुकान में घुसे और पिस्टल दिखाकर खिलौने वाली कार लूट ले गए

DESK : वैसे तो लूट की कई सारी घटनाएं सामने आती रहती हैं, पर इंदौर में लूट की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. तीन बदमाश शराब पीते हुए खिलौनों के शोरूम में दाखिल हुए और गन दिखाकर महंगे खिलौने वाली कार लूट ले गए. इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र के कनाड़िया रोड पर 'टॉय मॉल' नामक खिलौने की शोरूम है. 

शोरूम में तीन बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया. तीन बदमाशों में से एक ने पिस्टल लोड कर दुकानदार को धमकाया और बच्चों की कीमती बाइक और कार उठाकर ले गए. लुटेरे दुकान में शराब पीते हुए अंदर घुसे थे. फरियादी नावेद खान द्वारा घटना की जानकारी पुलिस के आला अधिकारी को देने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची. 

दुकान में जांच करने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपीयो की तलाश शुरू कर दी है. पूरा मामला इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र के कनाड़िया रोड़ की है. यहां टॉय मॉल नाम की खिलौने की दुकान पर बुधवार देर शाम तीन बदमाश पिस्टल लेकर लूट की नीयत से घुस गए और दुकानदार नावेद को पिस्टल दिखाकर धमकाने लगे. 

जब बदमाश दुकान में घुसे तो वे हाथ में शराब की बोतल लिए खुलेआम पी रहे थे. दुकानदार को पिस्टल दिखाकर बदमाशों ने सात हजार रुपए की बच्चों की गाड़ी ली और फरार हो गए. जांच अधिकारी गुलाब रावत ने बताया कि तिलक नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.