GUJRAT : सूरत शहर के पीपलोद इलाके में स्थित एक होटल के रूम से बेहोशी की हालत में आज सुबह एक युवती को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका तन्वी कल रात को प्रेमी पंकज के साथ नया साल मनाने यहां रुकी हुई थी। सुबह बेहोशी की हालत में ही पंकज उसे अस्पताल ले गया था।
नए साल के जश्न के लिए दोनों रुके थे होटल में
शहर के कतारगाम की गोपीनाथ सोसायटी में रहने वाली तन्वी भादाणी (22) हेल्थ प्रोडक्ट कंपनी में कार्यरत थी। तन्वी के पारिवारिक संबंधी पंकज गोहिल नाम के युवक से प्रेम संबंध थे, जिसकी जानकारी परिवार को थी। इसी के चलते दोनों के परिवारों के पता था कि वे न्यू ईयर सेलिब्रेशन की पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।
तन्वी के ब्वॉयफ्रेंड ने बताया कि कल देर रात तक पार्टी के बाद होटल के कमरे में सो गए थे। लेकिन, सुबह तन्वी की नींद नहीं खुली। पंकज ने उसे काफी देर तक जगाने की कोशिश की और इसके बाद परिवार को फोन कर होटल बुलाया और तन्वी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रिपोर्ट जांच के लिए लेबोरेटरी भेजी गई
वहीं, तन्वी का पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर मंडल ने बताया कि मृतका के हार्ट में खून जम गया था। शरीर में पानी भी काफी मात्रा में था। इसलिए केमिकल और हिस्थोपैथो के लिए अब सैंपल लेबोरेटरी भेजे गए हैं। लेबोरेटरी से रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।