PATNA : भारतीय रेलवे द्वारा बिहार में यात्रियों की सुविधा के लिए कई अनारक्षित ट्रेनें चल रही हैं. इनमें मेमू , डेमू लोकल ट्रेनें शामिल हैं. इन ट्रेनों के लिए लोग मासिक सीजन टिकट कटा सकते हैं. पूर्व मध्य रेल ने ये जानकारी दी है. जानकारी के अनुसार कोरोना को लेकर अभी स्पेशल ट्रेनें भी चलायी जा रही हैं. ऐसी ट्रेनें आरक्षित हैं. इसलिए मासिक सीजन टिकट का उपयोग केवल अनारक्षित ट्रेन के लिए किया जा सकता है.
मासिक सीजन टिकट मिलने से उन्हें सुविधा होगी. रोजाना सफर करनेवाले अब अनारक्षित ट्रेनों के लिए नया सीजन टिकट ले सकते हैं. दानापुर रेल मंडल के पीआरओ पृथ्वीराज ने बताया कि अनारक्षित ट्रेनों के लिए मासिक सीजन टिकट शुरू किया गया है. मेमू, डेमू, लोकल ट्रेन में इसका इस्तेमाल हो सकता है. बिहार दैनिक यात्री संघ ने भी मासिक सीजन टिकट उपलब्ध कराने की मांग की थी.
आधार कार्ड या सरकारी संस्थान के ID में से कोई एक ही अनिवार्य
दानापुर रेलवे स्टेशन पर मंथली सीजन टिकट (एमएसटी) बनाने के लिए दैनिक यात्रियों से आधार के साथ ही कोई एक सरकारी पहचान पत्र की मांग की जा रही थी. इसके चलते दैनिक मजदूर, छोटे-छोटे दुकानों में काम करने वाले कर्मचारी, व्यवसायी व सब्जी बेचने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी.
इसकी शिकायत पर दानापुर मंडल के सीनियर डीसीएम आधार राज ने सीजन टिकट बनाने की लिए किसी एक ही पहचान पत्र की जरूरत को बताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है. बिहार दैनिक यात्री संघ के महासचिव नंद किशोर प्रसाद ने मांग किया है कि सीजन टिकट परिचय पत्र में आधार नंबर को इंट्री कर दिया जाये, ताकि दूसरी बार सीजन टिकट बनाने में आधार या अन्य सरकारी परिचय-पत्र का फोटो कॉपी नहीं देना पड़े.