PATNA : मोकामा से राजद विधायक अनंत सिंह पैतृक गांव नदांवा के घर से एके-47 राइफल बरामदगी के मामलों में बाढ़ के तत्कालीन बीडीओ अमेंद्र कुमार सिन्हा ने अपना बयान कलमबद्ध करवाया. एमपी एमएलए के प्रभारी जज प्रजेश कुमार सिंह को अदालत में अपनी गवाही के दौरान अमरेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि 16 अगस्त 2019 को छापेमारी दल के दंडाधिकारी के रूप में वे शामिल हुए थे तथा उनके सामने एके-47 राइफल व हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ था.
बरामदगी के बाद सामानों की जो जब्ती सूची बनी थी, उस पर अपने हस्ताक्षर की पहचान गवाह द्वारा की गयी. उक्त मामलों में अभियोजन ने अब तक 13 गवाहों से गवाही करायी है. गवाही के दौरान विशेष अदालत में जेल से अनंत सिंह को पेश किया गया.
गौरतलब है कि गुप्त सूचना के आधार पर वर्ष 2019 में बाढ़ थाना क्षेत्र के नदवां गांव में अनंत सिंह के पैतृक गांव में पुलिस ने छापा मारा था. छापेमारी के क्रम में एक-47 राइफल हैंड ग्रेनेड और अनेक जिंदा कारतूस बरामद किये जाने का दावा किया था.मामले की अगली सुनवाई 19 जनवरी को पुन: होगी. बता दें कि इस केस में बीते हफ्ते भी सुनवाई हुई थी. इसमें तत्कालीन एएसपी तथा मामले की अनुसंधानकर्ता लिपि सिंह से जिरह समाप्त हुई थी.