MUZAFFARPUR : ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के जूरन छपरा में इलाज कराने आई एक महिला का पर्स उड़ा लिया गया। पर्स में चार हजार रुपये, सोने के कान का जेवर समेत अन्य सामान था। इस घटना के कुछ समय बाद महिला व उनके स्वजनों द्वारा निजी क्लीनिक में लगे सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर उसी इलाके से आरोपित महिला को पकड़ा गया।
पहले तो उसने अपनी संलिप्तता से इन्कार किया, लेकिन फुटेज दिखाने के बाद उसकी बोलती बंद हो गई। इस बीच सूचना पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके पूर्व स्थानीय लोगों द्वारा महिला की धुनाई भी कर दी गई थी। महिला के पकड़े जाने के बाद से लोगों की भीड़ जुट गई थी। महिला के प्रति लोगों में इतनी नाराजगी थी।
अगर कुछ लोग बीच बचाव नहीं करते तो शायद वह बहुत गंभीर रूप से घायल हो सकती थी। हालांकि इस तरह चोरी करने वाली महिलाओं की कमी नहीं। कभी मंदिर में चोरी करते पकड़ी जाती हैं। तो कभी बाजार में। अस्पताल में चोरी करते पकड़ गई महिला से पुलिस पूछताछ में उसकी पहचान औराई बेनीपुर इलाके की सुनीता देवी के रूप में हुई है।
बताया गया कि उसकी निशानदेही पर कूड़ा के पास फेंका गया पर्स बरामद किया गया, लेकिन उसमें के सारे सामान गायब थे। मामले में देवरिया कोठी की नीतू पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने आरोपित महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसके पति पंकज पटेल अरुणाचल प्रदेश में व्यवसाय करते हैं। उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इसलिए जूरन छपरा में डॉक्टर के पास आई थी। इस क्रम में उसका पर्स उड़ा लिया गया था।
INPUT-DAINIK JAGRAN