2021/01/22

समस्तीपुर : गलवान घाटी में शहीद हुए अमन का परिवार होगा सम्मानित

SAMASTIPUR : गलवान घाटी में शहीद हुए पटोरी अनुमंडल के लाल, अमन सिंह की पत्नी एवं माता-पिता को 
गणतंत्र दिवस समारोह में अनुमंडल प्रशासन सम्मानित करेगा। उक्त निर्णय मंगलवार को पटोरी अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ मो जफर आलम की अध्यक्षता एवं एएसपी विजय कुमार की मौजूदगी में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी की समीक्षात्मक बैठक में लिया गया।

बैठक में मनरेगा के पीओ मनोरंजन कुमार रंजन, सीडीपीओ मधु प्रियदर्शनी, अनुमंडलीय अस्पताल पटोरी के उपाधीक्षक डॉ अमिताभ रंजन, बीएओ युगल किशोर मेहता, शंकर प्रसाद लोहिया, डॉ अनुप निरंजन, मुखिया मोहन ठाकुर, अजीत कुमार दास, अनिल कुमार चौधरी आदि मौजूद थे। 

बैठक में चयन समिति द्वारा अनुमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में निकाली जाने वाली झांकियों का चयन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग, मनरेगा, आईसीडीएस, एजेएम कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर ,योग समिति नंदिनी को झांकी निकालने की अनुमति दी गई।

एसडीओ ने बताया कि बगैर जिन झांकियों का चयन नहीं हुआ है या जिन्हें झांकी निकालने की अनुमति नहीं दी गई है वैसी झांकियों का प्रवेश समारोह स्थल में नहीं होगा। कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार गणतंत्र दिवस पर किसी भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। 

ऐसी स्थिति में निर्णय लिया गया कि अनुमंडल प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले कवि सम्मेलन सह मुशायरा का आयोजन नहीं हो सकेगा। गणतंत्र दिवस की शाम जननायक कर्पूरी स्टेडियम में दरभंगा एवं पटोरी की टीम के बीच फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाएगा। दोनों अधिकारियों ने गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों से जुड़े सभी बिंदुओं पर क्रमवार विमर्श कर लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी।