2021/01/06

खेत में काम करते समय मोबाइल पर पत्‍नी से कर रहा था बात,युवक ने फांसी लगाकर दे दी जान

GAYA : जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के कंगाली बिगहा गांव में एक युवक ने पत्‍नी से विवाद के बाद गले में फंदा डालकर जान दे दी। घटना मंगलवार देर शाम की है। पुलिस ने बुधवार को शव पोस्‍टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मृतक रामवतार यादव का 22 वषीय पुत्र मंटू यादव था। घटना से मातम पसर गया है।

खेत में काम करते समय मोबाइल पर पत्‍नी से कर रहा था बात

रामवतार यादव ने बताया कि मंटू उनके साथ खेत में मोटर चलाकर पटवन कर रहा था। इसी बीच अपनी पत्‍नी से मोबाइल पर बातचीत भी कर रहा था। इसी क्रम में पत्‍नी से कुछ कहासुनी हो गई। 

इसके बाद वह बिना कुछ बताए घर आ गया। इसके बाद एक कमरे को बंद कर छप्‍पर से फंदा लगाकर उसने आत्‍महत्‍या कर ली। काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो घर के लोगों ने आवाज लगाई। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। तब अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर मंटू रस्सी से झूल रहा था।

 उसे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी उसके ससुराल के लोगों को दी गई। ससुराल के लोग मंटू के परिवार पर मुकदमा दर्ज करने की धमकी देने लगे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के आते ही लोग फरार हो गए। मृतक के पिता रामवतार यादव के फर्द बयान पर बाराचट्टी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


मायके में रहकर पत्‍नी करती है पढ़ाई

मंटू की शादी 2018 में बाराचट्टी के सेवई गांव में हुई थी। अभी गौना गौना नहीं हुआ था। शादी के बाद से उसकी पत्‍नी अपने नैहर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। रामवतार यादव ने बताया कि पढ़ाई का पूरा खर्च हमारा परिवार ही उठा रहा था।