SAMASTIPUR : उजियारपुर थाना के चंदौली चौक पर मंगलवार देर शाम एक दवा व्यवसायी को एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने गोली मार कर जख्मी कर दिया। घटना के बाद लोगों ने जख्मी दवा व्यवसायी सहदेव राय को आनन-फानन में इलाज के लिए समस्तीपुर भेजवाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार गोली व्यवसायी की हाथ में लगी है। शाम में करीब 8 बजे बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। दवा व्यवसायी को गोली मार भाग रहे बदमाशों को स्थानीय लोगों ने महिसारी गांव में घेर कर एक बदमाश को बाइक समेत पकड़ लिया। हालांकि दो बदमाश मौके से भाग निकले।
घटना की सूचना पर एसडीपीओ दलसिंहसराय दिनेश कुमार पांडेय व उजियारपुर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पकड़े गए आरोपित को गिरफ्त में लेकर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि जख्मी दवा व्यवसायी महिसारी गांव के निवासी हैं। वे दुकान बंद करने के लिए बाहर का सामान समेट रहे थे, उसी समय एक बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार, बदमाशों ने व्यवसायी पर ताबड़तोड़ पांच गोली चलायी। जिसमें से एक गोली दुकानदार के हाथ में लगी। हालांकि थानाध्यक्ष ने बताया कि बदमाशों ने कितनी गोली चलायी इसे अभी नहीं बताया जा सकता है।
INPUT-HINDUSTAN