2021/01/09

बिहार में कट्टा लेकर धमकाने पहुंचा बदमाश, लोगों ने पकड़ा और खंभे से बांधकर जमकर पीटा, पुलिस को सौंपा

NALANDA : नालंदा में वारदात को अंजाम देने से पहले एक हथियारबंद अपराधी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने अपराधी की जमकर पिटाई की और इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना सोहसराय थाना क्षेत्र के आशानगर मोहल्ले की है। पुलिस की पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि वह गुरुवार रात गांव के ही एक शख्स की हत्या करने आया था।

अपराधी ​​​​​के पास से कट्टा व 4 गोली बरामद
DSP डॉ. शिब्ली नोमानी के अनुसार एक अपराधी को ग्रामीणों की मदद से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक लोडेड कट्टा और 4 गोली मिली है। अपराधी की पहचान बड़ी पहाड़ी मनसूर नगर निवासी अखिलेश साव के रूप में की गई है। इस मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।

केस वापस नहीं लेने पर मिली थी जान से मारने की धमकी
वहीं घटना के बारे में ग्रामीण कुंदन कुमार ने बताया कि 2019 में महज 10 हजार रुपए के लिए उसके भाई टुल्लू की हत्या कर शव को सेल्स टैक्स ऑफिस के पास फेंक दिया था। इस घटना में सुखदेव साव और उसके पुत्र को अभियुक्त बनाया गया था। उस समय पुलिस ने दोनों पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हाल में ही सुखदेव बेल पर छूट कर आया है। इसके बाद वह बार-बार उसपर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। लेकिन, वह राजी नहीं हुआ।

कुंदन ने आरोप लगाया कि केस वापस नहीं लेने पर सुखदेव ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद भी जब केस वापस नहीं लिया तो सुखदेव ने एक अपराधी को उसकी सुपारी दे दी। आशंका है कि यह अपराधी उसके ही कहने पर आया था।

लोगों ने खंभे से बांधकर पीटा
हथियारबंद अपराधी को देखते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इसके बाद लोगों ने उसे खंभे से बांध दिया और जमकर पीटने लगे। हालांकि, कुछ लोगों ने इस बात का विरोध किया और अपराधी की पिटाई कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर उसे गिरफ्तार करवाया।