PATNA : पटना विश्वविद्यालय (PU) में शुक्रवार को सीनेट की बैठक का विरोध कर रहे छात्रों पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं। छात्र नेता विश्विवद्यालय में छात्रों की समस्या और अनियमतता के कारण विरोध में लगे थे। इस दौरान ही पुलिस ने गेट पर उन्हें दौड़ाकर पीट दिया। इस घटना में आधा दर्जन छात्रों को चोट आई। लाठीचार्ज की घटना के बाद छात्रों में काफी आक्रोश है। हालांकि इसका बैठक पर कोई असर नहीं पड़ा, बैठक जारी रही।
कई छात्र संगठनों ने किया था विरोध
PU में चल रही सीनेट की बैठका का विरोध छात्र दोपहर 11.30 बजे से ही करना शुरू कर दिए थे। इसमें छात्र राजद, आईसा, AISF सहित अन्य कई छात्र संगठन विरोध में थे। छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों का कहना था कि विश्वविद्यालय में भारी अनियमितता है। किसी भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। इस कारण ही छात्रों का विरोध लगातार जारी है।
सड़क पर रोकी पुलिस की गाड़ी, फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
छात्र संगठन PU के गेट पर हंगामा कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान पुलिस की एक बस पुलिस कर्मियों को ड्यूटी पर छोड़ने के लिए जा रही थी। छात्रों ने बस को रोक लिया और हंगामा करने लगे। इस पर पुलिस के जवान बस से उतर गए और छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद छात्र वहां से भागे। इस घटना में आधा दर्जन छात्रों को पुलिस की लाठी से चोट आई है, लेकिन कोई गंभीर नहीं है।
बढ़ रही छात्रों की समस्या, सीनेट की बैठक औपचारिक
छात्र राजद के पूर्व प्रदेश प्रभारी राहुल यादव का आरोप है कि हॉस्टलों की हालत जर्जर है। छात्रों की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसके बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है। छात्र संगठनों का कहना है कि परीक्षा में भी अनियमितता है। सेशन लेट हो रहा है, इस पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बैठक तो अब सिर्फ औपचारिक ही हो गई है। छात्र संगठनों का कहना है कि पुलिस का लाठीचार्ज शर्मनाक है। छात्रों के हित में आवाज उठाने पर ऐसा नहीं किया जाना चाहिए। PU प्रशासन को ऐसी रणनीति बनानी चाहिए, जिससे छात्रों की समस्या का समाधान हो। छात्र संगठन आवाज उाठा रहे हैं, इस पर काम किया जाना चाहिए, लेकिन जो घटना हुई है यह आक्रोश को बढ़ाने वाली है।