2021/01/02

नीतीश सरकार सड़क दुर्घटना में मृतक के परिजनों को देगी मुआवजा, परिवहन विभाग को निर्देश

PATNA : नीतीश सरकार वाहनों से होने वाली सड़क दुर्घटना में मृतक के परिजनों या आश्रितों को मुआवजा देगी. इसके लिए सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को परिवहन विभाग को रिवॉल्विंग फंड बनाने का निर्देश दिया. अभी सड़क दुर्घटना में मौत होने पर आपदा प्रबंधन विभाग की तरफ से आश्रितों को अनुग्रह अनुदान दी जाती है.

सीएम नीतीश कुमार शुक्रवार को परिवहन विभाग के अधिकारियों संग समीक्षा बैठक किए. इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने विशेष अभियान चलाकर ओवरलोडिंग रोकने का निर्देश दिए. साथ ही प्रदूषण को नियत्रंण करने के लिए वाहनों से संबंधित सभी जरुरी उपाय करने का निर्देश दिए. 

उन्होंने कहा कि ड्राइविंग परीक्षण से पूर्व लोगों को ड्राइविंग के लिए ट्रेनिंग दी जाए. प्राइवेट ट्रेनिंग सेंटर बनाकर लोगों को ट्रेनिंग दिया जाए. सीएम नीतीश ने सभी जिलों में टेस्टिंग सेंटर बनाने का निर्देश दिए. सीएम नीतीश ने वाहनों के फिटनेस पर विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया है.

सीएम नीतीश कुमार ने परिवहन विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तिका 'परिवहन विभाग-एक निरंतर यात्रा' और 'बिहार परिवहन' मोबाइल एप भी लांच किया. इस एप के जरिए लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सभी तरह के शुल्क, यातायात नियमों का उल्लंघन शुल्क, निकट के प्रदूषण जांच केंद्र, टैक्स पेमेंट, आरसी-डीएल से संबंधित जानकारी मिलेगी.