2021/01/08

पत्‍नी को नहीं हो रही थी संतान तो रेलवे के कर्मचारी ने कर ली दूसरी शादी, पटना के थाने में प्राथमिकी दर्ज

PATNA : बिहार के पटना जिले में एक रेलवे कर्मचारी ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दूसरी शादी रचा ली। पूरी साजिश इस तरह रची गई कि पहली पत्‍नी को पति की दूसरी शादी होने का पता तक नहीं चला। पहली पत्‍नी को इसका पता तब चला जब ससुराल वाले उसकी हत्‍या करने की कोशिश करने लगे और पति अपने साथ रखने से इनकार करने लगा। पूरे मामले का पता चलने पर पहली पत्‍नी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है।

मामला मसौढ़ी प्रखंड के भगवानगंज थाना के गंधूगढ़ गांव से जुड़ा है। थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार डेढ लाख रुपये, सोना की चेन व अंगूठी और एक बाइक की खातिर पति व ससुराल के अन्य सदस्यों द्वारा विवाहिता को प्रताड़ि‍त किया गया और आखिरकार पति ने दूसरी शादी रचा ली। 

इस संबंध में विवाहिता श्वेता कुमारी ने अपने पति सह भगवानगंज थाना के गंधूगढ ग्रामवासी सुधीर कुमार, ससुर चंदेश्वर चौधरी, सास समुंद्री देवी, ननद प्रमिला देवी, नंदोसी विनोद चौधरी समेत अन्य  के खिलाफ गुरुवार को भगवानगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई थी।

मिली जानकारी के मुताबिक थाना के मणीचक निवासी ओमप्रकाश चौधरी ने अपनी पुत्री श्वेता कुमारी की शादी गंधूगंढ के सुधीर चौधरी के साथ 11 जुलाई 2007 में की थी। बताया जाता है कि फिलवक्त सुधीर चौधरी रेलवे में ग्रुप डी में अहमदनगर बामबोरी (महाराष्ट्र) में कार्यरत है।

 शादी के कुछ दिनों बाद श्वेता कुमारी अपने पति संग उसकी नौकरी पर चली गई। आरोप है कि सुधीर ने वहां उससे डेढ लाख रूपए, सोना की एक चेन व एक अंगूठी और एक बाइक अपने मायके से लाने को कहा। पत्नीं द्वारा अपने मायके की आर्थिक हालत  ठीक नहीं होने का हवाला दे ऐसा करने से मना कर दी।

आरोप है कि इसके बाद पति उसे प्रताड़‍ित करने लगा और नि:संतान होने के कारण अपनी दूसरी शादी रचाने की धमकी देने लगा। 16 अक्टूबबर 2020 को वह अपने पति संग अपना ससुराल चली आई। उसके बाद उसका पति उसे अपने साथ नौकरी पर नहीं ले गया व वह ससुराल में ही रहने लगी। आरोप है कि ससुराल में भी आरोपितों ने दहेज की मांग व प्रताडित करना जारी रखा। आरोप है कि 1 जनवरी 2021 की रात आरोपितों ने उसे जलाकर मार डालने की साजिश रची। 

लेकिन इसकी भनक पाकर वह रात में ही ससुराल से भाग निकली और गांव की एक खलिहान में छुपकर अपनी जान बचाई। अगले दिन वह किसी प्रकार अपना मायक पहुंची। इसीबीच उसे मालुम हुआ कि उसके पति ने नालंदा जिला के खुदागंज थाना के बैरा गांव के मुन्ना  चौधरी की पुत्री ज्योति कुमारी के साथ दूसरी शादी रचा ली है। इधर थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि फिलवक्त सभी आरोपित फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।