SAMASTIPUR : कोरोना कहर के बीच नव वर्ष 2021 प्रारंभ हो गया है। सब लोगों ने नए साल का स्वागत अपने-अपने अंदाज में किया। देर रात तक विभिन्न मोहल्ला में युवाओं की टोली डीजे की धुन पर थिरक रहे थे। बच्चों का नये साल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने शहर के थानेश्वर स्थान मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक कर नये साल की शुरूआत की। इसके अलावा भी अन्य मंदिरों में लोगों ने पूजा अर्चना की। घरों में लोगों ने बड़ों का आशीर्वाद लिया। हालांकि कोरोना के कारण शहर की पार्क बंद रहने से बच्चों को निराशा हाथ लगी। मस्ती करने पहुंचे बच्चों को वापस लौटना पड़ा। हालांकि पिकनिक मनाने के लिए पूसा की ओर जाते हुए लोग दिखे। मंदिरों में लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस भी चौकस दिखी।
कर्पूरी स्मारक स्थल पर बच्चों ने मनाया जश्न
डीएम आवास के सामने स्थित पार्क बंद कर दिया गया था। जिससे पिछले वर्ष की तरह बच्चे मस्ती नहीं कर पाए। बच्चों ने कर्पूरी स्मारक स्थल पर ही नये का साल गर्मजोशी से स्वागत किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में बच्चे व अभिभावकों की भीड़ पार्क के पास जुटने लगी थी। लेकिन पार्क बंद रहने के कारण उन्हें वापस जाना पड़ा। सूर्योदय होने व धूप में गर्मी के साथ लोगों ने नये साल का स्वागत किया।
कृषि विवि पूसा बना पिकनिक स्पाॅट, देखने को मिला उत्साह
नववर्ष के आगमन पर जहां पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का माहौल देखने को मिला। वही इस दौरान लोगों ने खूब मस्ती भी की। नए साल को लेकर युवाओं का जोश व उत्साह तो देखते ही बन रहा था। दिन चढ़ने के साथ ही कृषि विवि पूसा के बॉटेनिकल व सरस्वती गार्डेन, बायो डायवरसिटी पार्क, रिवर फ्रंट आदि स्थलों पर लोगो की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर बाद तो पूसा-समस्तीपुर व पूसा-ताजपुर के अलावे पूसा मुजफ्फरपुर पथ पर लोगों की आवाजाही इतनी बढ़ गई की लोगों को अपने-अपने वाहनों को काफी पीछे के ही चौक चौराहों पर छोड़कर विवि परिसर व विभिन्न पिकनिक प्लेसो तक पैदल ही पहुंचना पड़ा। कुछ युवाओं की टोली आर्केस्ट्रा पर बज रहे मदमस्त संगीत पर थिरकने में लगे थे।
पूसा विवि में हर साल बढ़ती जा रही है भीड़
सड़कों पर लहरिया कट बाइक चलाने वाले कई युवकों पर पुलिस ने शिकंजा भी कसा। स्थानीय लोगों की मानें तो केंद्रीय कृषि विवि बनने के बाद से पूसा में नववर्ष का जश्न मनाने वाले लोगो की भीड़ साल दर साल बढ़ती ही जा रही है। पूसा के वैनी बाजार, भुस्कॉल चौक, गढ़िया व बिरौली चौक आदि से लेकर कृषि विवि पूसा तक सड़कों पर जाम था।