SAMASTIPUR : कोरोना वैक्सीन देने के लिए जिला स्वास्थ्य महकमा ने कवायद शुरू कर दी है। लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तर्ज पर आम लोगों को कोरोना वैक्सीन देने के लिए बूथ बनाया जाएगा। इससे पूर्व जिले के सरकारी व गैर सरकारी डॉक्टरों के अलावा 18 हजार स्वास्थ्य कर्मियों को पहले चरण में कोरोना वैक्सीन दी जाएगी।
पहचान पत्र दिखाकर लगवा सकते हैं टीका
वैक्सीनेशन के समय लाभार्थी अपने साथ आधार कार्ड, वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड दिखाकर कोरोना टीका ले सकते हैं। संक्रमण से बचाव के लिए दो बार वैक्सीन लगेगा। सीएस ने बताया कि पहले दिन के बाद 28 दिन के अंतराल में दो बार वैक्सीन लगानी है। इस दौरान बिल्कुल लापरवाही न बरते, मास्क पहने, भीड़ से दूर रहें।
इस शिड्यूल के तहत वैक्सीनेशन
- फ्रंट लाइन हेल्थ वर्करों को सबसे पहले वैैक्सीन लगेगी
- पुलिस विभाग, नप व अन्य पब्लिक डीलिंग विभाग
- 50 व इससे अधिक उम्र के नागरिक
- 50 साल से कम उम्र के नागरिक जिन्हें गंभीर बीमारी है।
फ्रंटलाइन वर्कर को पहले टीका
कोरोना वैक्सीन का टीका सबसे पहले फ्रंटलाइन वर्कर को दिया जाएगा। सिविल सर्जन ने बताया कि इसमें जिले में तैनात सभी डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।
तैयारी पूरी हो चुकी है। कोरोना वैक्सीन का इंतजार किया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। अलग-अलग फ्रंट लाइन वर्करों से लेकर नागरिकों को वैक्सीन लगेगी।
सत्येंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन