2021/01/06

पहली पत्नी के रहते नर्स से की शादी, पटना में उसे जहर देकर मारने के बाद बेगूसराय में कर रहा था सरकारी नौकरी

PATNA : पटना की कोतवाली थाना की पुलिस ने 15 साल बाद एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो अपनी ही पत्नी की हत्या करने के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसने अपनी दूसरी पत्नी सह नर्स की हत्या की थी। 

इसके बाद भी आरोपित औषध लिपिक अरविंद कुमार बड़े आराम से सरकारी नौकरी कर रहा था। वो बेगूसराय के सिविल सर्जन कार्यालय में पदस्थापित था। अब उसे पटना के कोतवाली थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बेगूसराय से ही उसे पकड़ने में सफलता पायी।

पहचान छिपा कर रह रहा था

पत्नी की हत्या का यह मामला साल 2005 का है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में अपनी पत्नी को जहर देकर हत्या करने का केस है। लेकिन वो लगातार फरार होने में सफल रहा। अपनी पहचान छिपा कर इधर-उधर रह रहा था। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि वह सिविल सर्जन कार्यालय बेगूसराय में पदस्थापित है। इसके बाद पुलिस टीम बेगूसराय पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पहली पत्नी के रहते की थी शादी

इसने अपनी पहली पत्नी के रहते हुए बेगूसराय की ही एक नर्स से कोर्ट में शादी की थी। लेकिन दोनों के बीच अनबन होने लगा। इसके बाद उसे लेकर यह पटना पहुंचा और कोतवाली इलाके में ही एक हाेटल में रुका था। इसके बाद खाने में जहर मिला कर दे दिया और फरार होने में सफल रहा। नर्स एक केस में गवाह भी थी। जिसके कारण उसे सुरक्षा मिली थी। होटल में सुरक्षाकर्मी भी थे, लेकिन उन्हें घटना की जानकारी बाद में मिली थी। उसके बाद ही कोतवाली पुलिस को जानकारी दी गई थी।