2021/01/03

समस्तीपुर में सड़क हादसा ,एक युवक की मौत,आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

SAMASTIPUR : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धर्मपुर महात्मा कालोनी के निकट ताजपुर रोड में रविवार को वाहन की ठोकर एक युवक की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने करीब तीन घंटे तक शव के साथ ताजपुर रोड मुख्य मार्ग पर बांस बल्ला लगाकर जाम रखा।मृतक की पहचान महात्मा कॉलोनी के अमीर सहनी के पुत्र 22 वर्षीय सुबोध कुमार के रुप में हुई है। घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मचा था। स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है। 

सुबह चार बजे सुबोध अपने घर से धर्मपुर चौक की ओर चाय पीने के लिए निकला। इस क्रम में ताजपुर रोड पर सड़क पार करने के दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक वाहन की ठोकर से उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर स्वजनों ने जाकर देखा तो घटनास्थल पर ही शव पड़ा था। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इससे आक्रोशित लोगों ने महात्मा कॉलोनी के निकट ताजपुर रोड में बांस बल्ला लगाकर सड़क जाम किया।सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा बुझाकर जाम शांत कराया। मृतक के स्वजनों ने सरकार से मुआवजे की मांग की।