2021/01/29

महाबोधि मंदिर में दान राशि की हुई लूट, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

GAYA : विश्व में शांति, प्रेम, अहिंसा व भ्रातृत्व का संदेश देने वाले महाबोधि मंदिर परिसर में निगमा मोनलम चेनमो के अंतिम दिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घुस गए और वहां चढ़ाए प्रसाद और लामाओं के पास रखी दान की राशि लूट ली।

यही नहीं इस लूट के लिए वे लोग आपस में एक दूसरे के साथ मारपीट भी की। इस घटना के दौरान मंदिर की सुरक्षा में भयंकर चूक सामने आई। मारपीट व लूट के दौरान मंदिर की सुरक्षा के लिए तैनात सुरक्षाबल व बीटीएमसी कर्मी कहीं नजर नहीं आए। इसका वीडियो भी वायरल है और बीटीएमसी असमंजस की स्थिति में है।

इस चूक की जवाबदेही किसकी है, यह तय किए बिना इसकी पुनरावृत्ति नहीं रोकी जा सकती। इतनी बड़ी संख्या में स्थानीय कैसे घुसे, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। हालांकि बीटीएमसी ने जांच की बात अपना पल्ला झाड़ दिया, लेकिन बार-बार अव्यवस्था और मारपीट से मंदिर व बीटीएमसी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। आयोजक ने इस विषय पर कुछ नहीं कहा।

2019 में भी हुई थी मारपीट

इसके पहले 2019 में भी 13 अक्टूबर को दो भिक्षुओं के बीच जम कर मारपीट हुई थी। यह मारपीट दान में मिलने वाली सामग्री व नगद राशि के लिए हुई थी। बौद्धों के पवित्र वर्षावास की समाप्ति पर बोधिवृक्ष के विशेष पूजा चल रही थी, जिसका आयोजन वियतनाम के श्रद्धालुओं द्वारा की गई थी।

मामले की चल रही है जांच: बीटीएमसी सचिव

बीटीएमसी के सचिव नांजे दोरजे ने बताया कि निगमा के अंतिम दिन वितरण की आस में लोग आते हैं। परिसर के अंदर वितरण की अनुमति नहीं है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी व सुपरवाइजर हैं, उनसे पूछताछ चल रही है। आॅर्गनाइजर से बात चल रही है, बिना अनुमति क्यों प्रसाद वितरण शुरू किया। जांच कर इसकी रिपोर्ट अध्यक्ष को देंगे।