2021/01/06

समस्तीपुर: दहेज में बुलेट को लेकर जमकर मारपीट,पीड़िता के दाहिने हाथ की हड्डी टूटी

SAMASTIPUR : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कोदरिया निवासी मनोज कुमार सिंह की पत्नी सोनी कुमारी द्वारा पुलिस के समक्ष दिए गए फर्द बयान के आधार पर स्थानीय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज हुई है। 

कहा है कि विगत 19 अप्रैल 2018 को हिदू रीति रिवाज के अनुसार उसकी शादी हुई थी। पिता ने अपने साम‌र्थ्य के अनुसार शादी में सोने का जेवर, चांदी का जेवर, कपड़ा, फर्नीचर और अन्य सामान लगभग 16 लाख रुपए का उपहार स्वरूप दिया था। 

कुछ दिनों तक उसका संबंध अपने ससुराल वालों से ठीक ठाक रहा। इसके बाद पति मनोज कुमार सिंह, सास प्रमिला कुमारी और ननद निभा कुमारी तीनों मिलकर बार-बार मारपीट और गाली-गलौज कर प्रताड़ित करने लगे। दहेज में एक बुलेट की मांग करने लगे। 

इसकी सूचना फोन द्वारा अपने मायके वालों को दिया। विगत 22 दिसंबर को पीड़िता के चाचा, भाई और वहां के ग्रामीण आए। आरोपी ने उसे जान मारने की नीयत से लोहे की रॉड से मारपीट शुरू कर दी। घटना में पीड़िता के दाहिने हाथ की हड्डी तोड़ दिया। 

बेरहमी पूर्वक मारपीट देख ग्रामीण संजीत कुमार पंडित बचाने आए तो आरोपित ने लोहे की रॉड से जान मारने की नीयत से उसके सिर पर प्रहार कर जख्मी कर दिया। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। पीड़िता के चाचा और भाई बीच-बचाव करने पहुंचे तो उसे भी मारपीट कर जख्मी कर दिया।

पीड़िता को जख्मी अवस्था में घर से निकाल दिया। हल्ला होने पर ग्रामीण जुटे और बीच-बचाव हो सका। ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी को इलाज हेतु स्थानीय सीएससी में भर्ती कराया गया। 

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया। जहां इलाज जारी है। थानाध्यक्ष कृष्णचंद्र भारती ने बताया कि कांड अंकित कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Input-dainik jagran