2021/01/09

बिहार में नल-जल योजना के विवाद में वार्ड सदस्य को मारी गोली मौत, मचा कोहराम

DARBHANGA : सिमरी थानाक्षेत्र के सिमरी गांव में बुधवार की देर रात नल जल योजना की ठेकेदारी को लेकर हुए विवाद में हुई फायरिंग में जख्मी वार्ड सदस्य गणेश साह की मौत इलाज के दौरान पटना मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में हो गई। घटना की सूचना शनिवार की सुबह मिलने के साथ गांव में कोहराम मचा है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौत की सूचना मिलने के साथ पुलिस अब प्राथमिकी में दर्ज धाराओं में परिवर्तन करेगी। वहीं वार्ड सदस्य को गोली मारनेवाले शिक्षक की खोज में छापेमारी की जा रही है। 

बता दें कि सिमरी वार्ड संख्या-12 के सदस्य गणेश साह को पंचायत के मुखिया की मौजूदगी में बुधवार की रात शिक्षक बबन  यादव के घर बुलाया गया। बबन के घर पर लिट्टी-चोखा की पार्टी थी। इस दौरान अचानक से खाने-पीने के बाद शिक्षक बबन ने वार्ड सदस्य पर दबाव बनाया कि नल-जल योजना में ठीकेदारी वो स्वयं करेगा। इससे इन्कार करने पर शिक्षक ने गोली चला दी। गोली वार्ड सदस्य के पेट में लगी। आनन-फानन में इलाज के लिए दरभंगा  मेडिकल  कॉलेज  सह  अस्पताल  ले  जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना भेजा गया था।  

मामले में मुखिया समेत चार लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी

पुलिस इस मामले में घटना तिथि से ही लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले में पंचायत के मुखिया विश्वनाथ पासवान उर्फ भोला, स्कार्पियो चालक अनिल यादव उर्फ गोपी, लालबाबू साह और भुलूर यादव को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि वार्ड संख्या-12 के सदस्य गणेश साह को गोली लगने के बाद जो रक्तश्राव हुआ उसे आरोपितों ने पानी डालकर साफ कर दिया। ताकी, कोई साक्ष्य नहीं रहे।

मुख्य आरोपित की खोज में चल रही ताबड़तोड़ छापेमारी

थानाध्यक्ष हरिकिशोर यादव ने बताया है कि शिक्षक बबन यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। उसके सभी ठिकाने  खंगाले गए हैं। बरामद पिस्टल की जांच विधि विज्ञान प्रयोगशाला से कराई जाएगी।