SAMASTIPUR : उजियारपुर थाना क्षेत्र के महिसारी गांव निवासी दवा व्यवसायी सहदेव राय पर 19 जनवरी की शाम गोली चलाने की घटना में पुलिस ने अबतक चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक की तलाश पुलिस कर रही है।
शुक्रवार को कांड के लाइनर सोनू दास की गिरफ्तारी के बाद थाना परिसर में प्रेस के समक्ष बातचीत करते हुए दलसिंहसराय एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि अपराधियों का तार कहीं न कहीं महिसारी गांव से जुड़ा है। उन्होंने दवा व्यवसायी पर गोलीबारी की घटना के पीछे पूर्व की रंजिश करार दिया है।
एसडीपीओ ने कहा कि घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई का नतीजा हुआ कि एक-एक कर लगातार चार अपराधी पुलिस के शिकंजे में आ चुके हैं। एक की तलाश जारी है। एसडीपीओ के अनुसार बताया गया कि अपराधी घटना के दो दिन पूर्व से ही दवा व्यवसायी को मारने के उद्देश्य से लाइनिग शुरू कर दी थी। घटना के दिन सुबह और शाम को भी अपराधी दवा दुकान पर कुछ दवा लेने के बहाने आया था।
उन्होंने कहा कि पुलिस अनुसंधान में अबतक जो तथ्य सामने आए हैं उसके मुताबिक मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हुंडहिया गांव का रहनेवाला सुजीत और अमन स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव पहुंचे थे।
विशनपुर गांव स्थित रेलवे गुमटी के पास एक टावर के समीप सभी अपराधी घटना की योजना बनाकर विशनपुर निवासी दिनेश दास और सोनू दास स्पलेंडर बाइक पर तथा अमन, चंदन और सुजीत काले रंग की पल्सर पर सवार होकर चंदौली चौक पर दवा दुकान पर पहुंचकर घटना को अंजाम दिया। घटना में दवा व्यवसायी की बांह में गोली लगी।
जिससे वे जख्मी हो गए। भागने के क्रम में एक अपराधी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए एक-एक कर तीन और बाद में चौथे सोनू दास को भी गिरफ्तार कर लिया। जबकि हुंडहिया का रहनेवाला सुजीत अभी फरार है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त कर लिया है। डीएसपी ने कहा कि किसी भी शर्त पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। मौके पर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार मौजूद थे।
INPUT-DAINIK JAGRAN