DESK : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और आम लोगों के बीच मामा के नाम से प्रसिद्ध शिवराज सिंह चौहान ने नए साल की शुरुआत कुछ अलग अंदाज में की. उन्होंने नए साल का पहला दिन मानने के लिए इंदौर को चुना. वे नए साल के पहले दिन शुक्रवार को इंदौर एयरपोर्ट के नजदीक बसे पंचशील नगर के लोगों के बीच गए और उनकी समस्याओं के बारे में जानकर अधिकारियों को उनके जल्दी समाधान के लिए निर्देश दिए.
इस दौरान उन्होंने रहवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं प्रेषित की और गिफ्ट्स भी दिए. उन्होंने दिव्यांगों को ट्रायसाइकिल और विद्यार्थियों को लैपटॉप व स्टेशनरी गिफ्ट की. नए साल के पहले दिन ही प्रदेश के मुखिया और अपने चहेते मामा को सामने देखकर लकवे से ग्रस्त 65 वर्षीय द्वारका बाई नामक एक वृद्ध महिला अपने आंसू नहीं रोक पाई. शिवराज ने भी इस वृद्ध महिला के आंसू पोछते हुए उसे अपने गले लगा लिया. वहीं मौजूद एक अन्य बुजुर्ग महिला को पैरालिसिस की बीमारी के बारे में पता चलते ही मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को उनकी बीमारी के इलाज करवाने का आदेश दिया.
इसके बाद सीएम चार वर्षीय आदित्य से भी मिले, जो विकलांग है. आदित्य के पिता गोविंद ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे एक स्थानीय कपड़े की दुकान में काम करते हैं और बेटे के इलाज के लिए प्रयासरत हैं. इस पर शिवराज ने कलेक्टर को आदित्य का उपचार करवाने के लिए आदेशित किया. इस प्रकार प्रदेश के चेहते मामा ने इंदौरवासियों के साल के पहले दिन ही दुख दर्द बांटे.