2021/01/15

रुपेश की बेटी की बातें सुनिए:सुशील मोदी से आराध्या ने कहा - पापा को मारने वालों को पकड़िए, उनको पहला गोली मम्मी मारेगी

PATNA : 'अंकल...पापा को मारने वालों को पकड़ा जाएगा तो उनको पहला गोली मम्मा मारेगी। प्लीज...' पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो के स्टेशन मैनेजर रहे रुपेश सिंह की आठ साल की बेटी आराध्या की इस बात को सुन पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी की आंखें डबडबा गईं। बेटी ने कहा कि मम्मी को देखकर वह नहीं रो रही है। वो इस बात पर रो रही है कि पापा दिन-रात लोगों की सहायता में लगे रहते थे। भला उन्हें कोई क्यों गोली मार दिया? मुझे, मेरे भाई और मम्मी को अनाथ कर दिया।

यह सब देख-सुनकर रुपेश के पैतृक घर पर मौजूद हर एक व्यक्ति गमजदा था। बाद में पूर्व डिप्टी सीएम ने बेटी को गले लगा लिया। रुपेश के पिताजी शिवजी सिंह को भी ढाढस बंधाया।

हर हाल में हत्यारों को पकड़ने की कही बात

रुपेश की हत्या के 48 घंटे बाद गुरुवार को राज्यसभा सांसद सुशील मोदी, महाराजगंज से भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और छपरा विधायक डा. सीएन गुप्ता व अन्य लोग परिवार से मिलने पैतृक गांव संवरी बक्शीजी पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि हत्यारों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा। अपराधियों को स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाई जाएगी। इसके लिए राज्य की पुलिस लगी हुई है।

रुपेश के भाईयों नंदेश्वर सिंह तथा दिनेश कुमार सिंह ने मोदी से कहा कि हमें न्याय दिलाया जाए। आप एक सक्षम व्यक्ति हैं। पत्नी एवं बच्चों के भविष्य के लिए नौकरी की गारंटी दी जाए, जिससे उनका भविष्य आसान हो सके। मोदी ने कहा कि राज्य सरकार हरसंभव मदद देगी। बाद में वे रुपेश की पत्नी नीतू से भी मिले।

'अइसन चेहरा लेके कइसे जीयम हो...'

रुपेश के दरवाजे पर पहुंचते ही उनकी पत्नी नीतू की रोने की आवाज सबको गमगीन कर दे रही है। हरकदम पर पति का साथ देने वाली नीतू को अब अपने भविष्य की चिंता सता रही है। उन्होंने रोते हुए यह बेबसी पूर्व डिप्टी सीएम से भी बताई। उनकी बेटी पटना के प्रतिष्ठित नाट्रेडम एकेडमी तथा बेटा रेडिएंट पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं। वह यही गुहार लगा रही थी कि दोनों बेटे-बेटियों की पढ़ाई इसी स्कूल में हो। इस पर मोदी ने कहा कि धैर्य से काम लें। सब कुछ अच्छा ही होगा।

INPUT-DAINIK BHASKER