PATNA : पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर गुरुवार दोपहर बाद दर्दनाक हादसा हुआ। खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर के पास एक अज्ञात भारी वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक पर बैठी एक महिला और चार साल के बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए PMCH भेजा गया है, लेकिन हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बाइक से आ रहा परिवार पटना सिटी के बाहरी धवलपुरा का रहनेवाला था। जख्मी बाइक सवार की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ जगदंबा स्थान में पूजा कर वापस घर लौट रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया.
दुर्घटना की खबर मिलते ही खुसरूपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची। बुरी तरह से घायल बाइक चालक विकास कुमार को थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने अपनी जिप्सी से स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। जख्मी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया है। सूचना पर फतुहा एसडीपीओ राजेश कुमार मांझी भी घटनास्थल पर पहुंचे थे और छानबीन की।