2021/01/09

बिहार में शराबी दारोगा अपने थाने में बंद,शराब के नशे में सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, नशे में मचा रहा था तांडव

SUPAUL:सुपौल सदर थाने में पदस्थापित एक अवर निरीक्षक को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद अवर निरीक्षक को उनके ही थाने के हाजत में बंद भी कर दिया गया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुये पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार सदर थाने में पदस्थापित अवर निरीक्षक अजय कुमार झा रात्रि गश्ती में थे और परसरमा गए थे। वहां शराब के नशे में धुत अजय झा लोगों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने एसपी मनोज कुमार को दी। उन्होंने सदर एसडीपीओ कुमार इंद्रप्रकाश और सदर थानाध्यक्ष दीनानाथ मंडल को आरोपी पदाधिकारी को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। आरोपी अवर निरीक्षक अजय कुमार झा का मेडिकल जांच कराया गया। जांच में उनके द्वारा शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद रात 9:30 बजे के करीब दारोगा जी को अरेस्ट कर फिलहाल अपने ही थाने की हाजत में बंद कर दिया गया।

इधर, एसपी मनोज कुमार ने अवर निरीक्षक अजय कुमार झा के निलंबन आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही शराबी दारोगा को सेवा से बर्खास्त किये जाने की कार्रवाई की जाएगी।